काशीपुर। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में लोग शहर से बाहर जा रहे हैं। ऐसे में घरों की सुरक्षा को लेकर काशीपुर पुलिस ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी सी सतर्कता चोरी जैसी घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि कोई परिवार छुट्टियों में घर बंद कर बाहर जा रहा है तो इसकी सूचना नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को अवश्य दें। इससे पुलिस संबंधित क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रख सकेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर बनाए रखी जा सकेगी।पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर न जाएं, क्योंकि इससे असामाजिक तत्वों को घर खाली होने का आसानी से अंदेशा हो जाता है। इसके स्थान पर सेंटर लॉक या अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था का उपयोग करना अधिक सुरक्षित माना गया है।काशीपुर पुलिस का कहना है कि समर वेकेशन के दौरान शहर में गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है, ताकि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही पड़ोसियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए आपसी सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
