लक्सर। देहरादून-सहारनपुर डीएलएस पैसेंजर ट्रेन से नवजात का शव नीचे गिरने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दंपती ने दावा किया कि अस्पताल में मौत के बाद वह नवजात के शव को लेकर घर लौट रहे थे, तभी ट्रेन के झटके से बच्चा हाथ से छिटककर नीचे गिर गया। वहीं ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने दंपती पर नवजात को जानबूझकर ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाया है। मामले की जांच जीआरपी द्वारा की जा रही है।जानकारी के अनुसार दंपती लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले महिला ने लक्सर अस्पताल में नवजात को जन्म दिया था। जन्म के बाद बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके चलते उसे हरिद्वार के मेला अस्पताल रेफर किया गया था। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह नवजात की मौत हो गई।इसके बाद दंपती हरिद्वार से देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन में शव को लेकर वापस लौट रहे थे। बताया गया कि नवजात का पिता ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा हुआ था। जब ट्रेन ऐथल और लक्सर रेलवे स्टेशन के बीच पथरी पुल के पास पहुंची, तभी अचानक जोरदार झटका लगने से ट्रेन का दरवाजा तेजी से आया और उसके हाथ से शव छिटककर नीचे गिर गया।घटना के बाद ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने दंपती पर बच्चे को जानबूझकर फेंकने का आरोप लगाया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
