देहरादून। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। दौरे की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा देहरादून पहुंचीं, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।इस दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी चार और पांच जून को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह एकजुट होकर कार्य कर रही है और राहुल गांधी का दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।कुमारी सैलजा ने बताया कि राहुल गांधी के दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।राहुल गांधी के दो दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अल्मोड़ा में प्रस्तावित जनसभा और पौड़ी में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जुट गए हैं।प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी का दौरा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दृष्टि से अहम साबित होगा। लगातार चुनावी पराजयों के बाद कांग्रेस इस दौरे को संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के अवसर के रूप में देख रही है।कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व भी उत्तराखंड पर विशेष ध्यान दे रहा है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पहले ही कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विस्तृत दौरे कर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर चुकी हैं। ऐसे में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
