काशीपुर। पुलिस ने मृतक के परिजनों की उपस्थिति में आजउत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रातः मानपुर रोड स्थित नौगजा कब्रिस्तान से मुर्सलीन का शव कब्र से निकाला गया। परगना मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने मृतक के शव का पंचनामा भरा। शव पैनल पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।काशीपुर के मोहल्ला कटोराताल की विजय नगर-नईबस्ती निवासी 17 वर्षीय मुर्सलीन की संदिग्ध मौत हो गई थी। उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट के आदेश पर शव को दफनाने के 19 दिन बाद कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भेजा गया है। इस मौके पर सीओ प्रशांत कुमार, कोतवाली प्रभारी हरेंद्र सिंह, कटोराताल चौकी इंचार्ज मीना रावत, एसआई कौशल भाकुनी, एसआई गणेश पाण्डेय आदि प्रशासनिक अधिकारी व मृतक के परिजन भी मौजूद रहे। बता दें बीती 17 मई को मुर्सलीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतक के चाचा इस्मान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि मुर्सलीन का पास के मोहल्ले में रहने वाली एक किशोरी से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोप है कि किशोरी अपने खर्च के लिए समय-समय पर मुर्सलीन से रुपये भी मांगती थी। आरोप है कि प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर किशोरी के पिता शकील, भाई फैज आलम, शान, शावेज और अन्य परिजनों ने मुर्सलीन को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप लगाया कि 16 मई की रात करीब 11 बजे आरोपितों ने मुर्सलीन को फोन कर घर से बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद से किशोर काफी तनाव में रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटना के दो सप्ताह बाद आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में कटोराताल नई बस्ती निवासी इमरान ने नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। दायर याचिका में कहा गया कि बीती 16 मई को उनका पुत्र घर के ऊपरी छत पर मृत अवस्था में मिला था। शव के आसपास फर्श और चादर पर खून बह रहा था जिसके बाद उनके पुत्र का पोस्टमार्टम कर शव को दफना दिया गया। याचिका में मृतक के पिता इमरान का कहना है कि उनके पुत्र की हत्या की गई है क्योंकि उसके कान के नीचे चोट का निशान पाए गए थे इसलिए शव का दोबारा से पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि, मौत के सही कारण का पता चल सके। यहां बतादें कि इस मामले में अगली सुनवाई न्यायालय में 15 जून निर्धारित की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
