पर्यटन स्वरोजगार योजनाओं के लिए करें ऑनलाइन आवेदन, युवाओं को मिलेगा 1 करोड़ रुपये तक ऋण का लाभ

रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने तथा बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत युवाओं को पर्यटन आधारित व्यवसाय स्थापित करने के लिए ऋण सुविधा और राजकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत बस, टैक्सी, होटल, मोटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड सेंटर, टेंटेज आवास, मोटर गैराज, साहसिक पर्यटन उपकरण, योग एवं ध्यान केंद्र, पंचकर्म केंद्र, नाव, टेरेन बाइक, कैरावेन, मोटर होम टूरिज्म, एंगलिंग, स्टार गेजिंग, बर्ड वाचिंग उपकरण, लॉन्ड्री, बेकरी, स्मारिका केंद्र, फ्लोटिंग होटल, ट्रैकिंग उपकरण किराया केंद्र, हर्बल टूरिज्म सहित अन्य अभिनव पर्यटन परियोजनाओं के लिए बैंक के माध्यम से 100 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत कुल परियोजना लागत का 87.5 प्रतिशत बैंक ऋण तथा 12.5 प्रतिशत उद्यमी अंशदान के रूप में निर्धारित किया गया है। इसके अलावा दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के तहत पारंपरिक शैली में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें भी 87.5 प्रतिशत बैंक ऋण और 12.5 प्रतिशत लाभार्थी अंशदान का प्रावधान है।इन योजनाओं के लिए इच्छुक आवेदक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही जिन भवन स्वामियों के पास एक से छह अतिरिक्त कमरे उपलब्ध हैं, वे उन्हें उत्तराखंड अतिथि आवास (होम स्टे) योजना के अंतर्गत पंजीकृत कर पर्यटन गतिविधियों से जुड़ सकते हैं।पर्यटन विभाग द्वारा जनपद की सभी पर्यटन इकाइयों जैसे होटल, गेस्ट हाउस, रिजॉर्ट, धर्मशाला, आश्रम, रेस्टोरेंट, साहसिक पर्यटन इकाइयों तथा ट्रैवल एवं टूर व्यवसाय से जुड़ी इकाइयों का पंजीकरण भी ऑनलाइन किया जा रहा है।विभाग ने बताया कि मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना, उत्तराखंड पर्यटन नीति-2023, उत्तराखंड पर्यटन उद्यमी प्रोत्साहन योजना-2024 तथा साहसिक पर्यटन गतिविधियों से संबंधित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी पर्यटन कार्यालय, विकास भवन के निकट स्थित कार्यालय अथवा दूरभाष संख्या 05944-250838 पर प्राप्त की जा सकती है।पर्यटन विभाग ने जनपद के युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने और राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment