सितारगंज में हेपेटाइटिस के संदिग्ध मामलों से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, CMO ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

सितारगंज। नयागांव और आसपास के क्षेत्रों में वायरल हेपेटाइटिस (पीलिया) के संदिग्ध मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और मौके पर तैनात स्वास्थ्य टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे कार्य पूरी गंभीरता के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पीलिया, बुखार और पेट दर्द जैसे लक्षणों वाले लोगों की पहचान कर उनकी त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बीमारी का संभावित कारण दूषित पेयजल हो सकता है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लोगों को स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही सार्वजनिक जल स्रोतों में क्लोरीनेशन की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) द्वारा क्षेत्र के सार्वजनिक पेयजल स्रोतों, हैंडपंपों तथा प्रभावित परिवारों के घरों से पानी के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि बीमारी के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से भी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की।स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव, आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) टीम के डॉ. संतोष कुमार पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका स्वास्थ्य हाल जाना और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment