हैदराबाद में पांच करोड़ के जेवरात चोरी कर नेपाल भाग रहे तीन नेपाली नागरिक गिरफ्तार

रुद्रपुर। हैदराबाद में करीब पांच करोड़ रुपये के जेवरात चोरी कर नेपाल भागने की फिराक में रोडवेज बस से बनबसा जा रहे दो महिलाओं समेत तीन नेपाली नागरिकों को ऊधम सिंह नगर पुलिस और उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए कीमती जेवरात भी बरामद किए गए हैं। चेकिंग स्थल उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में होने के कारण आरोपितों को बरामद माल सहित बिलासपुर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की सूचना हैदराबाद पुलिस को भी दे दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि सोमवार देर रात हैदराबाद में तैनात एक आईपीएस अधिकारी से सूचना प्राप्त हुई थी कि गच्चीबोवली क्षेत्र में एक कारोबारी के घर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हो गए हैं और चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी नेपाल भाग सकते हैं। सूचना मिलते ही ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसओजी टीम को सक्रिय किया गया तथा रामपुर जिले की बिलासपुर कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान टनकपुर-खटीमा रूट पर चल रही एक रोडवेज बस को रोककर जांच की गई। बस में सवार दो महिलाओं और एक पुरुष के हावभाव संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी के जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने हैदराबाद में हुई चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित चोरी के बाद नेपाल भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई के चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा हैदराबाद पुलिस को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment