काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे “लोक कल्याण मेला” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम काशीपुर सभागार में भव्य लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आयोजित इस मेले का उद्देश्य रेहड़ी, पटरी एवं फेरी व्यवसायियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वेंडर्स, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम वेंडर्स के हितों के संरक्षण और उनके रोजगार को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब तक वेंडर्स के लिए व्यवस्थित और स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उन्हें कहीं से नहीं हटाया जाएगा और न ही किसी प्रकार से परेशान किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य है कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का रोजगार सुरक्षित रहे तथा उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में वेंडर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और इसके लिए वे बधाई एवं धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री के रूप में उल्लेखित करते हुए कहा कि कोरोना काल में शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आज लाखों रेहड़ी-पटरी एवं फेरी व्यवसायियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी ऋण, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है। महापौर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोक कल्याण मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से वेंडर्स को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी संचालित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरकार की योजनाओं को गरीब, श्रमिक एवं छोटे व्यवसायियों के लिए लाभकारी बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
