हरिद्वार/ऋषिकेश। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट-1: द हार्ट’ की सफलता और शुभकामनाओं के लिए फिल्म की स्टारकास्ट एवं निर्माता उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयना और निर्माता साजन राज कुरुप ने हरिद्वार और ऋषिकेश में संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।अपने आध्यात्मिक दौरे के दौरान फिल्म टीम ने योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।देहरादून निवासी अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता के लिए यह यात्रा खास रही, क्योंकि लंबे समय बाद उन्हें अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आना हमेशा एक विशेष अनुभव होता है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा और प्राकृतिक वातावरण मन को अलग ही शांति प्रदान करता है।फिल्म टीम ने ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में आयोजित भव्य गंगा आरती में भी सहभागिता की। वहीं हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा में पवित्र स्नान किया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि गंगा आरती में शामिल होना, मां गंगा के दर्शन करना और संतों के सानिध्य में समय बिताना अत्यंत प्रेरणादायक एवं आत्मिक शांति प्रदान करने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक संस्कृति पूरे देश-दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।फिल्म की टीम ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बताया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
