29-30 जून तक उत्तराखंड में दस्तक देगा मानसून, 2 जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार

उत्तराखंड। लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब उत्तराखंड की दहलीज पर पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 29 से 30 जून के बीच मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मानसून के आगमन के बाद 29 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस वर्ष मानसून सामान्य समय से कुछ देरी से पहुंच रहा है। पिछले एक दशक में यह आठवां अवसर है जब मानसून तय समय से देर से उत्तराखंड पहुंचेगा। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के देर से आने का वर्षा की कुल मात्रा से सीधा संबंध नहीं होता। कई बार कम अवधि में भी सामान्य या उससे अधिक वर्षा दर्ज की जाती है।मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि प्रदेश में एक जून से 30 सितंबर तक की अवधि को मानसून सीजन माना जाता है, जिसमें औसतन 1162.7 मिलीमीटर वर्षा होती है। वर्ष 2024 में मानसून सात दिन की देरी से पहुंचा था, इसके बावजूद पूरे सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई थी। वर्ष 2023 और 2022 में भी देर से मानसून आने के बावजूद वर्षा लगभग सामान्य रही।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के चलते पूरे मानसून सीजन में सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत कम वर्षा होने का अनुमान है। इसके बावजूद शुरुआती चरण में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।पिछले वर्ष मानसून के दौरान प्रदेश में पर्याप्त वर्षा होने से खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहा था। पर्वतीय क्षेत्रों में चारागाह और प्राकृतिक जलस्रोत भी पुनर्जीवित हुए, जिससे किसानों और पशुपालकों को काफी राहत मिली थी। इस बार भी समय पर अच्छी बारिश होने से खेती, पेयजल स्रोतों और भूजल स्तर को लाभ मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग ने लोगों से मानसून के दौरान मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश तथा तेज हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment