मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बागेश्वर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून तथा मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार, 1 जुलाई को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 जुलाई के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी शिक्षण संस्थान आदेश की अवहेलना करते हुए खुला पाया गया तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
