18 जुलाई से पटरी पर दौड़ेगी काशीपुर रामनगर देहरादून एक्सप्रेस

काशीपुर। वर्षों पुराना इंतजारकाशीपुर और रामनगर क्षेत्र के लाखों लोगों का आखिरकार खत्म होने जा रहा है। आगामी 18 जुलाई से रामनगर– देहरादून एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा। इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा की जानकारी राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से साझा की। ट्रेन के संचालन की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है, क्योंकि इससे देहरादून की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। सांसद अनिल बलूनी ने अपने संदेश में कहा कि रामनगर और आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से देहरादून के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। लगातार किए गए प्रयासों के बाद अब यह मांग पूरी होने जा रही है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।रामनगर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। नई रेल सेवा शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों को सरकारी, निजी, शैक्षणिक और चिकित्सकीय कार्यों के लिए देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। सांसद ने बताया कि प्रारंभिक चरण में रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ती है तो भविष्य में इसे सप्ताह में चार या पांच दिन तक संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को लाभ मिल सके। सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड की रेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है और प्रदेश को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment