देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में चुनाव अभियान की रूपरेखा, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, विधायक काजी निजामुद्दीन सहित पार्टी के करीब 10 वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सभी नेताओं से चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी साथ लाने को कहा गया है।सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्यभर में बड़े जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर मुहर लग सकती है। साथ ही जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रभावी ढंग से उठाने और उन्हें धार देने की योजना भी तैयार की जाएगी, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूत स्थिति बना सके।बैठक में लंबे समय से लंबित प्रदेश कांग्रेस की प्रांतीय कार्यकारिणी के गठन पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद हाईकमान की स्वीकृति मिलते ही नई कार्यकारिणी की सूची जारी की जा सकती है। इससे संगठन को नया स्वरूप मिलने के साथ जिला और बूथ स्तर पर भी पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी है।इसके अलावा उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरों, जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों का कैलेंडर भी इसी बैठक में तय किया जा सकता है। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर राज्यभर में चुनावी माहौल तैयार करना है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
