काशीपुर। सुबह हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी, लेकिन नगर निगम के सफाई अमले की तत्परता से लोगों को ज्यादा देर तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ी। महापौर दीपक बाली के निर्देश पर नगर निगम की टीम तत्काल सड़कों पर उतरी और जल निकासी की व्यवस्था में जुट गई। कुछ ही समय में अधिकांश स्थानों से पानी की निकासी कर दी गई।महापौर पद की शपथ लेने के बाद से ही दीपक बाली ने काशीपुर की जलभराव की समस्या को प्राथमिकता में रखते हुए इसके स्थायी समाधान की बात कही थी। पिछले मानसून सत्र में उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में जलभराव की स्थिति और इसके कारणों की समीक्षा की थी। इसके बाद जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। नगर निगम की ओर से इस वर्ष मानसून से पहले शहर के नाले-नालियों की सफाई कराई गई। साथ ही महापौर ने शहरवासियों से सड़कों और नालियों में कूड़ा-करकट, गोबर आदि न डालने की अपील की थी। नगर निगम के अनुसार, सफाई व्यवस्था में जनसहयोग मिलने से भी जल निकासी में मदद मिली है।महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर नगर निगम शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर कवरिंग का कार्य पूरा होने के बाद शहर में जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
