काशीपुर। यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से करीब दस साल पहले बनाया गया स्टेडियम-गुरुद्वारा मिनी बाईपास अब हादसों का डेंजर जोन बनता जा रहा है। मार्ग पर कई तीव्र मोड़ और स्पीड ब्रेकर होने से वाहन चालकों व राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्टेडियम से नया ढेला पुल तक मार्ग पर सात ऐसे तीव्र मोड़ हैं, जहां हादसे की आशंका अधिक रहती है। मानपुर रोड निवासी अनुज प्रजापति, विशाल गोस्वामी, विकराल शर्मा और राजेश पाल ने बताया कि बड़े गुरुद्वारा के पास कई बार हादसे हो चुके हैं। एक कार चालक तीव्र मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खेत में जा घुसा था। करीब पांच महीने पहले एक ट्रक भी पलट गया था। बीते शुक्रवार को आकाश पाल की मौत भी इसी मार्ग पर हादसे में हुई थी। गेबिया नाला की पुलिया के पास तीव्र मोड़ के कारण सामने से आने वाला वाहन दिखाई नहीं देता। इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने मार्ग पर आवश्यक सुरक्षात्मक इंतजाम और ब्लैक जोन चिह्नित करने की मांग की है।यातायात प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मिनी बाईपास पर जल्द ही सुरक्षात्मक चिह्न लगाए जाएंगे। वहीं लोनिवि के एई परवेज आलम ने बताया कि मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर ब्लैक जोन चिह्नित किए जाएंगे और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
