काशीपुर में यूपीसीएल के एमडी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

काशीपुर। यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी शुक्रवार को काशीपुर पहुंचे। उन्होंने हाइडिल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के साथ ही विद्युत वितरण खंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रांतियों पर भी स्थिति स्पष्ट की। प्रेस से बातचीत में एमडी पीसी ध्यानी ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार तर्क-वितर्क सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और फायदे बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के माध्यम से बिजली की रीडिंग और खपत पर नजर रख सकते हैं। इससे वह अपने बिजली इस्तेमाल को नियंत्रित कर बचत भी कर सकते हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर मुकदमा दर्ज होने की फैल रही भ्रांति को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है और राज्य सरकार के साथ जनता का भी सहयोग मिल रहा है। एमडी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड काशीपुर कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में सामने आई खामियों के संबंध में जिम्मेदार लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है। अधिकारियों से व्यवस्थाओं में सुधार और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता अर्जुन प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता वितरण अजीत यादव, विवेक कांडपाल, शिरीश श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment