खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास कालापुल, नगला तराई तथा लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार जनता को सरल, सुलभ और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है, जिसमें प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने, समस्याओं का प्रभावी समाधान करने और जनता को सरकारी सेवाओं से संतुष्ट करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसकी प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं और स्थानीय जनता की अपेक्षाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों और विकास कार्यों को जनता की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फरजाना बेगम, सुरेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सतीश भट्ट, सतीश गोयल, रंदीप पोखरिया, अमित पांडे, भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल सके और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
