काशीपुर तहबाजारी का ठेका निरस्त : अब नगर निगम खुद वसूलेगा शुल्क

काशीपुर। तहबाजारी वसूलने के दौरान लोगों से की जा रही बदसलूकी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर दीपक बाली ने पार्षदों एवं नगर निगम अधिकारियों से वार्ता के उपरांत बनी सहमति के बाद तहबाजारी ठेके को निरस्त कर दिया। महापौर दीपक बाली ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में तहबाजारी के ठेके निरस्त करने और भविष्य में नगर निगम के कर्मचारियों के माध्यम से ही शुल्क वसूली करने की घोषणा की। उन्होंने नगर की जनता खास तौर से व्यापारियों से अनुरोध किया कि वह तहबाजारी वसूलने में नगर निगम कर्मचारियों को सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहबाजारी शुल्क में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की गई है। पूर्व से निर्धारित शुल्क ही लागू रहेंगे। शुल्क के स्लैब को लेकर मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों और पार्षदों के साथ विचार-विमर्श कर व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा तथा कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड की उपस्थिति में महापौर ने कहा कि तहबाजारी की वसूली के लिए अब किसी नई निविदा की आवश्यकता नहीं होगी। नगर निगम अपने कर्मचारियों के माध्यम से यह काम करेगा। उन्होंने बताया कि शुल्क की दरें और निर्धारित स्लैब जनता के सामने स्पष्ट किए जाएंगे, ताकि लोगों को यह पता चल सके कि किस निर्धारित सीमा के अनुसार कितना शुल्क लिया जाना है। इस व्यवस्था का उद्देश्य वसूली में पारदर्शिता लाना और शिकायतों का समाधान करना है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम के किसी भी कर्मचारी के दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में जनता के प्रति अच्छा व्यवहार करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। नगर निगम इस मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम के किसी अन्य ठेके या निर्माण कार्य में अनियमितता अथवा शिकायत सामने आती है, तो संबंधित मामले में भी कार्रवाई की जाएगी। विज्ञापन ठेके के संबंध में पूछे गए सवाल पर महापौर ने कहा कि विज्ञापन की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसा कोई उल्लंघन नहीं आया है, लेकिन शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर ने कहा कि किसी भी व्यवस्था को पूरी तरह समझे बिना और उसमें सुधार का पर्याप्त अवसर दिए बिना जल्दबाजी में कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम में सफाई निरीक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से चार एसआई उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि सफाई व्यवस्था से संबंधित शर्तों का उल्लंघन होता है या जनता को परेशानी होती है, तो संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। काशीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों के कारण सड़कों पर जाम और यातायात संबंधी समस्याओं का मुद्दा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठा। पत्रकारों ने अलीगंज रोड की ओर जाने वाले मार्ग तथा शुगर फैक्ट्री रोड पर लगने वाले बाजारों में अव्यवस्थाओं की ओर महापौर का ध्यान आकर्षित किया। पत्रकारों ने बताया कि कुछ स्थानों पर दुकानों के सड़क तक फैल जाने से आवागमन प्रभावित होता है। शुगर फैक्ट्री रोड पर रात में डंपरों की आवाजाही और प्रकाश व्यवस्था की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।महापौर ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी इन मामलों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने माना कि कुछ स्थानों पर निजी भूखंडों में बाजार लगने के बावजूद दुकानें सड़क तक आ जाती हैं। ऐसी शिकायतों को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करती है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की कमी को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment