देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने तथा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी दोगुनी की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी शनिवार को पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।**आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र**मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को खेल और सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।**मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 50 होगी**मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये की जाएगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1000, 800 और 600 रुपये की जाएगी। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 1500, 1000 और 700 रुपये से बढ़ाकर 2000, 1500 और 1000 रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की भी घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी, जिसमें विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर देने और युवाओं को खेल एवं सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल को बल मिलेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
