सीएम धामी ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, एकता और अखंडता के योगदान को किया याद

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के घंटाघर स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश को एक सूत्र में बांधने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका प्रभाव आज भी भारत की एकता और अखंडता में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता को और मजबूत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों के हृदय में जीवित रहेगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment