सीएम धामी ने गोरखा समाज की वीरता और राष्ट्रभक्ति को सराहा, दशैं-दीपावली महोत्सव में हुए शामिल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखा समाज के लोगों को दशैं और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोरखा समाज की वीरता, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि गोरखा समाज केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष का गौरव है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दशैं का पर्व अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है, जबकि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की जीत का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी गौरवशाली विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए वीर गोरखा कल्याण समिति के पदाधिकारियों और पूरी आयोजन टीम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखा समाज का इतिहास अदम्य साहस, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। देश की सीमाओं की रक्षा में गोरखा वीरों ने हमेशा अद्वितीय साहस, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया है। उन्होंने गोरखा समाज के आदर्श वाक्य ‘कायर हुनुभन्दा मर्नु राम्रो’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका अर्थ कायर बनकर जीने से बेहतर वीरता के साथ प्राण न्योछावर करना है। यह आदर्श गोरखा समाज के अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पित करने की गोरखा समाज की भावना पूरे भारतवर्ष के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और देश की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment