गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

देहरादून। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई तथा पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में इस पर्व का विशेष स्थान है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, पर्यावरण के संरक्षण तथा सभी जीवों के प्रति दया, करुणा और संवेदनशीलता का भाव रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध को भी दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। गौ सेवा एवं संरक्षण के माध्यम से न केवल हमारी परंपराओं का संरक्षण होता है, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि गौवंश का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग तथा प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर प्रकृति, पर्यावरण और समस्त जीव-जंतुओं के संरक्षण का संकल्प लें तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कामना की कि गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment