दीपावली मनाने पति रोहनप्रीत के साथ ऋषिकेश पहुंचीं बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़, परिवार संग बिताए सुकून के पल

ऋषिकेश। बॉलीवुड की मशहूर गायिका नेहा कक्कड़ दीपावली का पर्व मनाने अपने पति रोहनप्रीत सिंह के साथ तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने गंगानगर स्थित अपने आवास पर परिजनों के साथ हर्षोल्लास से दीपावली का त्योहार मनाया और परिवार के बीच खुशियों के पल बिताए। नेहा के ऋषिकेश आगमन की जानकारी शुरुआत में गोपनीय रखी गई थी, लेकिन नौ नवंबर की शाम सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशंसकों को उनके तीर्थनगरी में मौजूद होने की जानकारी मिली। काफी समय बाद नेहा के ऋषिकेश पहुंचने से उनके परिजनों और प्रशंसकों में भी उत्साह देखने को मिला। नेहा के भाई विशाल कक्कड़ ने बताया कि लंबे समय बाद नेहा का ऋषिकेश आना हुआ है। मुंबई की व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर उन्होंने इस बार परिवार के साथ काफी समय बिताया और दीपावली की खुशियों को अपनों के बीच साझा किया। इस दौरान नेहा ने अपने माता-पिता, मौसा-मौसी, भाई-भाभी शालू तथा भतीजियों वंशिका और परी के साथ खूब मस्ती की। परिवार के सदस्यों के साथ उन्होंने त्योहार का आनंद लिया और पुरानी यादों को भी ताजा किया। विशाल ने बताया कि सोमवार सुबह नेहा ने बजरंग सेतु पहुंचकर वहां से दिखाई देने वाले प्राकृतिक और खूबसूरत नजारों को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने यहां तस्वीरें भी खिंचवाईं और तीर्थनगरी के मनमोहक वातावरण का आनंद लिया। इसके बाद नेहा स्वर्गाश्रम स्थित एक कैफे में भी कुछ समय बिताने पहुंचीं। विशाल कक्कड़ के अनुसार, मुंबई की व्यस्त दिनचर्या के बीच जब भी नेहा को समय मिलता है, वह अपने पति रोहनप्रीत सिंह के साथ ऋषिकेश के शांत और सुकून भरे माहौल में कुछ पल बिताने जरूर आती हैं। तीर्थनगरी से उनका विशेष जुड़ाव है और यहां परिवार के साथ बिताया गया समय उन्हें सुकून देता है। दीपावली की छुट्टियां परिवार के साथ बिताने के बाद नेहा सोमवार को मुंबई के लिए रवाना हो गईं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment