मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शीतलहर से निपटने की तैयारियां तेज, बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए होंगे विशेष इंतजाम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में शीतलहर और पाले की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने ठंड से बचाव और संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक की ओर से अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में संवेदनशील क्षेत्रों और संकटग्रस्त लोगों की पहचान कर समय रहते आवश्यक इंतजाम करने को कहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और बेघर लोगों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि शीतलहर के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उनके नाम और संपर्क विवरण आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों को समय पर संबंधित अधिकारियों और आमजन तक पहुंचाने के साथ ही मौसम की स्थिति, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी की आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि शीतलहर के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखा जाए। वहीं रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों में भी ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इन स्थानों पर गर्म पानी, पर्याप्त रोशनी, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निराश्रित और जरूरतमंद लोग सुरक्षित स्थानों पर रात गुजार सकें। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय किया जाएगा। इन दलों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर मौसम की स्थिति और संभावित जोखिमों पर नजर रखी जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य शीतलहर और पाले के दौरान प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment