काशीपुर। साई मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्रतार किया है। उसकी निशानदेही पर चांदी के कटे हुए टुकड़े, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये है और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मंदिर में 12 सितंबर की रात चोरी हुई थी। मनोज ऐरी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खगाली। जांच में बाइक से आए दो संदिग्धों की पहचान हुई। सुरागरसी के बाद पुलिस ने 18 नवंबर को दिल्ली निवासी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले को कुंडा थाना क्षेत्र में द किमाया रिसोर्ट के पास से गिरफ्रतार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य साथी के साथ चोरी करना और माल आपस में बांटना कबूल किया। उसने बताया कि चोरी का तीसरा हिस्सा मंदिर की रेकी कराने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्रतार आरोपी का गदरपुर, दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस टीम में कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी मनोज सिंह धौनी, विवेचक कंचन कुमार पडालिया तथा एसओजी के जवान शामिल रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
