खटीमा।कंजाबाग रोड निवासी प्रॉपर्टी डीलर जशोधर भट्ट ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौत हो गई। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल की बैरिकेटिंग कर फॉरेसिक टीम को मौके पर बुलाया है। घटना से नगर और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।60 वर्षीय जशोधर भट्ट पुत्र प्रेम बल्लभ भट्ट प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। कंजाबाग क्षेत्र में उनका ‘प्रेमजी’ नाम से एक अस्पताल भी है। मंगलवार सुबह वह घर से बाइक पर अपने ऑफिस जाने की बात कहकर निकले थे।इसी दौरान सुजिया गांव में नहर की पटरी से लगे नाले के पास झाड़ियों में उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव के पास उनकी बाइक खड़ी थी और लाइसेंसी रिवॉल्वर भी पास में पड़ी थी। बकरी चरा रहे एक व्यक्ति ने शव देखकर ग्राम प्रधान मंजू राना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।सूचना पर एसआई किशोर पंत मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की जेब में रखा मोबाइल बज रहा था। कॉल रिसीव करने पर फोन मृतक के बेटे गौरव भट्ट का निकला, जिससे शव की शिनाख्त जशोधर भट्ट के रूप में हुई।इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह और एसएसआई ललित मोहन रावल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया।सीओ विमल रावत ने बताया कि साक्ष्य संकलन के लिए रुद्रपुर से फॉरेसिक टीम को बुलाया गया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।मृतक अपने पीछे पत्नी, बेटा गौरव भट्ट और पुत्री बबीता भट्ट को छोड़ गए हैं। बेटा दंत चिकित्सक है, जबकि पुत्री दिल्ली में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिचितों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
