काशीपुर। नशे में धुत्त कार सवार ने बीती रात मोहल्ला कटोराताल खालसा में जमकर तांडव मचाया। लोगों ने जब कार सवार को पकड़ने का प्रयास किया तो कार चालक दर्जन भर लोगों को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। घटना में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई। इस दौरान कार चालक ने सड़क पर खड़ी करीब आधा दर्जन बाइकों, ई-रिक्शा व एक परचूनी की दुकान को अपनी चपेट में लेकर उन्हें भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उधर पीड़ित पक्षों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कार को अपने कब्जे में लेते हुए मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू की है। पता चला है कि कार सं- यूके18एफ-5139 का अज्ञात चालक अपने मित्र को मोहल्ला खालसा में छोड़ने आया था। इस दौरान चालक के नशे में पूरी तरह धुत्त होने के कारण वह कार पर संतुलन खो बैठा तथा उसने खालसा मोहल्ला निवासी मौ- सुहेल की बाइक में टक्कर मार दी। जब सुहेल ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार चालक अपने साथी को मौके पर छोड़कर कार को तेज रफ्रतार से भगा ले गया तथा सड़क किनारे खड़ी पार्षद अरशद अली, हाजी कासम व सलीम समेत कई बाइकों व ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस दौरान कई लोगों के चपेट में आने व वह मामूली रूप से घायल हो गये। जब मोहल्ले के युवकों ने कार का पीछा किया तो कार सवार ने थोड़ी दूरी पर परचूनी की दुकान से सामान खरीद रहे राशिद हुसैन पुत्र यावर हुसैन की दोनों टांगों पर कार चढ़ा दी जिससे उसकी दोनों टांगे फ्रैैक्चर हो गई। राशिद को आनन-फानन में मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई। उधर लोगों ने कार का पीछा करते हुए उसकी कार को मोहल्ला महेशपुरा में पकड़ लिया, लेकिन कार सवार कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कार को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद देर रात्रि सादिक किराना स्टोर के स्वामी, पार्षद अरशद अली व घायल युवक के भाई मौ- नौशाद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है।वही एक्सयूवी कार चालक द्वारा देर रात्रि अचानक घटित हुई घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ एकाएक इकट्ठा हो गई तथा कार सवार जिस युवक को छोड़ने आया था मोहल्ले के लोगाें ने उस पर अपना गुस्सा निकालते हुए उसकी तबियत से धुनाई भी कर डाली। बाद में मोहल्ले के संभ्रात लोगों ने युवक को भीड़ से बचाया। बीती देर रात्रि घटित हुई घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्रतारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आने पर ही रात्रि में ही कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्रतार कर लिया जायेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
