मुख्यमंत्री धामी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों की सीएम घोषणाओं की समीक्षा, देरी पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाई जा रही स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जा सकता है, उनमें देरी न हो और यदि किसी स्तर पर कार्य लंबित है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ इलाकों में हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी निर्माण कार्य से संबंधित प्रस्ताव को एक विभाग से दूसरे विभाग में भेजना हो, तो उसमें अनावश्यक विलंब न किया जाए, अन्यथा संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करना और जनता का विश्वास मजबूत करना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment