भीमताल को सीएम धामी की बड़ी सौगात, उपतहसील, स्वास्थ्य सुविधाएं और कोल्ड स्टोरेज-मंडी की घोषणा

भीमताल/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। बिरला संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की मांग पर भीमताल में उपतहसील खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अल्ट्रासाउंड मशीन और ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया। किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रामगढ़ और धारी में कोल्ड स्टोरेज के साथ मंडी निर्माण की भी घोषणा की गई, जिससे स्थानीय कृषि उत्पादों को उचित भंडारण और बाजार मिल सकेगा।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भीमताल के सिडकुल क्षेत्र में उद्योगों को विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा बिरला संस्थान में विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए पारदर्शी भर्ती प्रणाली पर जोर दिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड को तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment