खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड एवं अपने निजी आवास पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निजी आवास पर महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के दो मेधावी विद्यार्थियों कार्तिकेय सिंह तोमर (प्रथम स्थान) एवं युग सिंह तोमर (थर्ड रनर अप) ने भी उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है, जिसमें प्रशासन की जवाबदेही और समस्याओं का संतोषजनक समाधान सबसे महत्वपूर्ण है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, हिमांशु बिष्ट, सूरज धामी, रनदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, यूसीमास उत्तराखंड के स्टेट ओनर्स धर्मेंद्र कुमार एवं ममता तोमर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
