काशीपुर। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एक युवक को 2.02 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में जनपदभर में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काशीपुर द्वारा गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार 5 जून की रात्रि में संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान आचार फैक्ट्री के पास प्रतापपुर मार्ग पर एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे से 2.02 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधांशु कुमार उर्फ सुच्चा पुत्र धर्मी निवासी भीमनगर, कुंडेश्वरी, कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 21 वर्ष बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 217/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक कौशल भाकुनी, उप निरीक्षक मनोज सिंह धोनी, कांस्टेबल किरन कुमार मेहता तथा कांस्टेबल जगदीश पपनै शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी तथा बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
