काशीपुर। नगर पंचायत गढ़नेगी में मतदान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और निर्धारित समय तक लगभग 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिन समाप्त होने तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी।उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ मतदान प्रक्रिया संचालित की जा रही है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार, डी.आर. वर्मा, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन लगातार मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है और सभी बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
