भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर की कार्रवाई, चरणजीत सिंह की प्राथमिक सदस्यता समाप्त

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जिला पंचायत सदस्य एवं मंडल कार्यालय मंत्री चरणजीत सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चरणजीत सिंह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी हुकुम सिंह के विरुद्ध चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि चुनाव के बाद वे भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे। वर्तमान में नगर पंचायत गढ़ीनेगी चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सचिन बाठला के खिलाफ चुनाव प्रचार में उनकी सक्रिय भूमिका पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में आई है। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता और स्पष्ट रूप से पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से चरणजीत सिंह को सभी पार्टी कार्यक्रमों, बैठकों एवं संगठनात्मक गतिविधियों से वंचित कर उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है। इसके साथ ही उन्हें पार्टी की किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी एवं संगठनात्मक दायित्वों से पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। भाजपा मंडल महामंत्री हरप्रीत सिंह (हैप्पी) द्वारा जारी विज्ञप्ति में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे उक्त आदेशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। पार्टी की इस कार्रवाई को आगामी चुनावों के दौरान संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment