देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें तथा आपदा की दृष्टि से संवेदनशील गांवों, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सूची तैयार की जाए। उन्होंने सभी प्रभारी सचिवों को अपने-अपने जिलों का भ्रमण कर मानसून संबंधी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के बाद 15 नवंबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए तथा पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में शेष बचे कार्यों को मानसून शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाए। उन्होंने पुलों और ड्रेनेज सिस्टम की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा सभी नालों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में गर्भवती महिलाओं की अद्यतन सूची मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से प्राप्त कर नियमित रूप से अपडेट रखें। विशेष रूप से संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए निकटवर्ती अस्पतालों के आसपास ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपदा प्रबंधन और राहत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
