मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से मचा हड़कंप, ड्राइवर समेत दो लोग घायल; अभिनेता सुरक्षित, 15 पुलिस टीमें जांच में जुटीं

मुंबई। महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, मुंबई के विले पार्ले पश्चिम इलाके में जुहू पुलिस थाने की सीमा के भीतर शाम करीब सात बजे यह घटना हुई। मुंबई पुलिस के वेस्ट जोन-2 के पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। पुलिस के अनुसार, इस गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ किसी निजी काम से वहां पहुंचे थे और काम पूरा होने के बाद जब वह अपनी कार से लौट रहे थे, तभी गोलीबारी की घटना हुई। घटना की सूचकेना मिलते ही मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी और हमलावरों की पहचान करने के लिए कई टीमें गठित की हैं। डीसीपी मोहित गर्ग के अनुसार, करीब 15 पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं, जबकि फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। हमलावरों का पता लगाने और उनके भागने के संभावित रास्ते की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गोलीबारी के दौरान कितने राउंड फायर किए गए। घटना के बाद महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेताओं ने राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना को चौंकाने वाला बताते हुए मुंबई में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और फिल्म जगत से जुड़े लोगों को मिल रही धमकियों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की आलोचना की। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भी मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार और गृह विभाग से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने ठाणे में शिवसेना पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब राज्य के जनप्रतिनिधियों और चर्चित लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने भी इस घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता करार दिया। दूसरी ओर, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने जैकी श्रॉफ और टाइगर श्रॉफ से बातचीत की है। उन्होंने टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है और उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। शिंदे ने कहा कि सरकार फिल्म जगत की हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को डराने या धमकाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस और सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ, मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। इससे पहले भी फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी हुई थी, जबकि जनवरी 2025 में अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में चाकू से हमला किया गया था। इन घटनाओं के मद्देनजर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी ने एक बार फिर मुंबई में सार्वजनिक सुरक्षा और फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment