सीएम धामी के प्रयासों से उत्तराखंड में बढ़ रहा अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण, ऋषिकेश में ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस की फिल्म ‘क्लोवर’ की होगी शूटिंग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सैम मेंडेस के निर्देशन में बनने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना ‘क्लोवर’ (CLOVER) की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया में प्रस्तावित है, जिसे विश्वभर में ‘बीटल्स आश्रम’ के नाम से भी जाना जाता है। फिल्म से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रस्तावित शूटिंग की जानकारी साझा की। इस परियोजना का निर्देशन चर्चित ब्रिटिश फिल्मकार सैम मेंडेस करेंगे, जबकि नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से इसका निर्माण किया जा रहा है। प्रस्तावित शूटिंग में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय क्रू सदस्य और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्य भाग लेंगे। इसके साथ ही स्थानीय तकनीशियनों और सहयोगी कर्मचारियों को भी काम मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, पर्यटन, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध फिल्मांकन स्थलों के कारण देश में फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजनाओं को उत्तराखंड में आकर्षित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि योग और आध्यात्मिकता के वैश्विक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध ऋषिकेश की अपनी विशिष्ट पहचान है। इस क्षेत्र का ऐतिहासिक संबंध विश्वविख्यात संगीत समूह ‘द बीटल्स’ से भी रहा है। ऐसे में ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म निर्माता और बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामांकित एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और उत्तराखंड की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विशेषताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म उद्योग से जुड़े अवसरों को महत्वपूर्ण बताया। प्रस्तावित शूटिंग से ऋषिकेश की वैश्विक पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment