काशीपुर। नगर निगम सभागार, काशीपुर में आयोजित लोक कल्याण मेले के दौरान स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बच्चों के लिए स्वच्छता आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वच्छ और सुंदर शहर की परिकल्पना को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा स्वच्छता के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 स्वच्छता योद्धाओं को भी सम्मानित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में रंजन पाल, तनुजा, ओम चंद्र, कार्तिक, दामिनी, सृष्टि, अंशु, आरसी यादव, विवेक, निहारिका, पवन, आंचल कुमारी, मयंक कुमार, आदेश कुमार, दीपक, शुभम सिंह, विजय कुमार, खूब सिंह, धनीराम, बृजेश, अजय कुमार, मंजू, मोहन सिंह और बिजेंद्र सहित अन्य स्वच्छता कर्मी शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान महापौर दीपक बाली ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए शहर को साफ, सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। बच्चों और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा स्वच्छता के प्रति लोगों की भागीदारी और जागरूकता बढ़ती है। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
