रुद्रपुर। शहर के सिडकुल चौराहे के पास शुक्रवार सुबह अमोनिया गैस रिसाव होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह करीब 6:45 बजे एक टैंकर से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में तेज गंध फैल गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बजाज कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों के सहयोग से गैस रिसाव पर नियंत्रण का अभियान शुरू किया। अग्निशमन वाहन के पंप की मदद से सड़क की धुलाई कर गैस के प्रभाव को कम किया गया।घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस बल के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रबंधन की टीम भी मौजूद रही। मुख्य अग्निशमन अधिकारी कटारिया ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि अमोनिया गैस का प्रभाव पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही अग्निशमन टीम वापस लौटे।प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, गैस रिसाव के कारण कुछ समय तक क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
