नगर के ओवर ब्रिज के नीचे बन सकता है जल्द अंडरपास

काशीपुर। नगर के एमपी चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज आरओबी के पास लंबे समय से प्रस्तावित अंडरपास निर्माण की उम्मीद एक बार फिर जगी है। वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है। भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करने के लिए इसी सप्ताह रेलवे अधिकारियों और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भूमि उपलब्धता और अभिलेखो से जुड़ी समस्याओं का समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2017 में नगर के एमपी चौक रोड और बाजपुर रोड को जोड़ने वाले रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया गया था। आरओबी बनने के बाद रोडवेज बस स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। उस समय स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आश्वासन दिया गया था कि लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए आरओबी के पास अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। हालांकि, नौ वर्ष बीत जाने के बाद भी यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी। इस मुद्दे को काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) लगातार उठाता रहा है। संगठन ने स्थानीय प्रशासन से लेकर रेलवे के उच्च अधिकारियों तक कई बार ज्ञापन देकर अंडरपास निर्माण की मांग की। बीती 29 जून को भी केडीएफ ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान कराने की मांग की थी। प्रशासन के अनुसार राजस्व विभाग और रेलवे के अभिलेखो में संबंधित भूमि दर्ज है, लेकिन दोनों विभागों के नक्शों में अंतर होने के कारण तकनीकी बाधा उत्पन्न हो रही है। बताया जा रहा है कि वर्ष 1910 में रेलवे क्रॉसिंग के निर्माण के दौरान भूमि का अधिग्रहण किया गया था। समय के साथ आबादी बढ़ने और क्षेत्र के विस्तार के कारण अब भूमि सीमांकन को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस सप्ताह रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर भूमि उपलब्धता और अभिलेखो में मौजूद विसंगतियों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के समन्वय से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लंबे समय से लंबित अंडरपास निर्माण का कार्य जल्द शुरू हो सके। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बैठक के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना पर ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment