काशीपुर। शहर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चालकों की सुविधा के लिए नगर निगम प्रशासन ने ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया है। पहले चरण में शहर के तीन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनके निर्माण के बाद शेषआ सात चिन्हित स्थानों पर भी कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अब तक नगर क्षेत्र में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का अभाव होने के कारण इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को अपने वाहनों की चार्जिंग के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बढ़ती ईवी वाहनों की संख्या और चालकों की सुविधा को देऽते हुए नगर निगम ने शहर में कुल 10 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना तैयार की है।पहले चरण में अलीगंज रोड स्थित सेंट मैरी स्कूल के पास, डिजाइन सेंटर के सामने तथा राधेहरि डिग्री कॉलेज के निकट ईवी चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, एक ईवी चार्जिंग स्टेशन के निर्माण पर लगभग 22 लाख रुपये की लागत आएगी। हालांकि स्टेशन के निर्माण और संचालन का ऽर्च संबंधित ठेकेदार वहन करेगा। नगर निगम केवल भूमि उपलब्ध कराएगा।मेयर दीपक बाली ने बताया कि नगर निगम और निजी संचालकों के बीच राजस्व साझेदारी के मॉडल पर यह परियोजना संचालित की जा रही है। स्टेशन संचालक से होने वाली आय का 25 प्रतिशत हिस्सा नगर निगम को मिलेगा, जबकि भूमि के उपयोग के लिए अलग से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इससे नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी और शहर में ईवी चार्जिंग का बेहतर नेटवर्क विकसित हो सकेगा।मेयर ने बताया कि सभी 10 स्थानों का चयन पहले ही किया जा चुका है। पहले तीन स्टेशनों का निर्माण पूरा होने के बाद शेष सात स्थानों पर भी चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को शहर में आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्वच्छ और पर्यावरण- अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
