देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को ‘आरोही’ इनक्यूबेटर और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) न्यूज़लेटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने नई एआई पहल के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जो राज्य में तकनीकी नवाचार और युवा प्रतिभाओं को नई दिशा देने का कार्य करेगा।राज्यपाल ने कहा कि सबसे पहले लोक भवन में एक एआई लैब की स्थापना की गई और इसके बाद एआई-इनेबल्ड वाहन के माध्यम से पूरे राज्य के सभी जिलों में ‘ऑपरेशन कल्कि’ की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि यह एक परिवर्तनकारी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधान पहुंचाना और तकनीक का लाभ अंतिम व्यक्ति तक उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन आरोही’ के तहत राज्यभर के विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें इनक्यूबेट करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल के माध्यम से युवा छात्रों और नवाचारकर्ताओं को अपने विचारों को विकसित करने तथा उन्हें व्यवहारिक रूप देने का अवसर मिलेगा।राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम के दौरान 10 स्टार्टअप्स की समीक्षा की और देखा कि किस प्रकार युवा उद्यमी रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विभिन्न मोबाइल ऐप्स का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि उत्तराखंड के युवा और छात्र तकनीक की शक्ति को समझते हुए एआई की चुनौतियों को अवसर में बदल रहे हैं।उन्होंने कहा कि युवाओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में कई नए और उपयोगी ऐप्स विकसित किए हैं। कार्यक्रम के दौरान ऐसे प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने अपने नवाचार और तकनीकी योगदान से उल्लेखनीय कार्य किया है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल राज्य में नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और तकनीकी विकास को नई गति प्रदान करेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
