कार्बेट में बिछड़े दो माह के हाथी के शावक को वन विभाग ने सुरक्षित उसके झुंड से मिलाया

रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के जंगल में अपने झुंड से बिछड़ गए करीब दो माह के हाथी के शावक को आखिरकार वन विभाग ने सुरक्षित उसके परिवार से मिलाने में सफलता हासिल कर ली। यह शावक सोमवार को झिरना वन क्षेत्र में अकेला घूमता हुआ मिला था। शावक के अकेले मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी शुरू की गई। वन कर्मी पूरे दिन ग्रासलैंड क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रहे और वहां से गुजरने वाले हाथियों के विभिन्न झुंडों पर भी विशेष निगरानी रखी गई, ताकि शावक अपने परिवार से दोबारा मिल सके। हालांकि दिनभर प्रयास करने के बावजूद वहां से गुजरने वाले किसी भी हाथी के झुंड ने शावक को अपने साथ नहीं लिया। शाम होने पर जंगल में बाघ सहित अन्य वन्यजीवों के हमले की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने उसकी सुरक्षा के लिए उसे वन चौकी में सुरक्षित रखा। अगले दिन मंगलवार को वन कर्मियों ने एक बार फिर शावक को हाथियों के झुंड के पास छोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इस बार भी किसी हाथी ने उसे अपने साथ स्वीकार नहीं किया। स्थिति को देखते हुए विभाग ने निर्णय लिया कि शावक को फिलहाल अपनी निगरानी में ही सुरक्षित रखा जाए। इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार उसके व्यवहार और आसपास हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रही तथा उचित अवसर मिलने पर उसे दोबारा उसके झुंड से मिलाने का प्रयास किया गया। वन कर्मियों की सतर्कता, धैर्य और लगातार किए गए प्रयास आखिरकार सफल रहे और हाथी के शावक को सुरक्षित उसके झुंड से मिला दिया गया, जिससे वह दोबारा अपने प्राकृतिक आवास और परिवार के बीच लौट सका।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment