हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों तथा बागवानी से जुड़े लोगों से संवाद कर उनकी मेहनत और अनुभवों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव के अवसर पर यहां उपस्थित होकर उन्हें गौरव और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में उत्पादित आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में किसी से कम नहीं हैं और यहां विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी उत्तराखंड की समृद्ध बागवानी क्षमता को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच इस महोत्सव में शामिल होना उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया और कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि एवं बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं और कृषि तथा बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना और उत्तराखंड की कृषि एवं बागवानी क्षमता को और मजबूत बनाना है। आम महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में उत्पादित विभिन्न प्रजातियों के आमों को बेहतर पहचान और बाजार उपलब्ध कराने के साथ किसानों को अपनी उपज प्रदर्शित करने का अवसर भी मिल रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
