काशीपुर। कोतवाली आईटीआई परिसर में जांच प्रार्थना पत्र के संबंध में पहुंचे दो लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा होकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों शांत नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों का चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को सूरज पुत्र नारायण दास निवासी श्यामपुरम कॉलोनी तथा सिंटू ढाका पुत्र वीरेंद्र ढाका निवासी गली नंबर एक, मुल्तान नगर, गुप्ता का बाग, बागपत (मेरठ), हाल निवासी श्यामपुरम कॉलोनी, कोतवाली आईटीआई में जांच प्रार्थना पत्र के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों जांच अधिकारी के समक्ष ही आपस में लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज करने लगे। समझाने के बावजूद दोनों उत्तेजित होकर एक-दूसरे से मारपीट पर आमादा हो गए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए दोनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और परगना मजिस्ट्रेट, काशीपुर के समक्ष पेश किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शंकर बिष्ट और कांस्टेबल विजय डसीला शामिल रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
