विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की तैयारी, बूथ स्तर तक राष्ट्रवाद और संगठन को मजबूत करने पर फोकस

देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने उत्तराखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने अगस्त महीने में राष्ट्रवाद और संगठनात्मक मजबूती को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला तैयार की है। इसके तहत 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रवाद का संदेश बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके बाद 16 और 18 अगस्त को सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों की बैठकों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार के अनुसार, पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के विभाजन और उससे जुड़ी त्रासदी की जानकारी देने का प्रयास करेगी। वहीं 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं संभाग के मंडल एवं जिला अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों एवं विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में संगठन की सक्रियता, जनप्रतिनिधियों की क्षेत्र में सक्रियता तथा जनता के बीच उनकी पकड़ को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। भाजपा अब केवल सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के आंकड़ों के आधार पर चुनावी तैयारी नहीं करना चाहती, बल्कि विधानसभा स्तर पर योजनाओं की वास्तविक पहुंच और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का भी आकलन करेगी। विधायकों से उनके क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की स्थिति, जनता के साथ संवाद, संगठन के साथ समन्वय और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के संबंध में जानकारी ली जाएगी। पार्टी यह भी जानने का प्रयास करेगी कि किस विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचा कितना सक्रिय है और संबंधित जनप्रतिनिधि की स्थानीय स्तर पर कितनी मजबूत पकड़ है। अगस्त में होने वाली इन बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की जमीनी स्थिति को परखने के साथ-साथ कमजोर क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम करेगी। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहेगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment