काशीपुर। आज नगर के कटोराताल क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पॉलिटेक्निक कॉलेज के निकट हुआ। पुलिस के अनुसार घटना आज सुबह करीब 11:24 बजे की है।पुलिस को सूचना मिली कि कटोराताल स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास नगर निगम के एक वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही कटोराताल चौकी पुलिस और चीता मोबाइल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि नगर निगम का छोटा हाथी (कूड़ा उठाने वाला वाहन) रजिस्ट्रेशन संख्या UK07 CD-7220 और बाइक UK18 J-3617 आपस में टकरा गई थीं।हादसे में बाइक सवार आकाश पुत्र स्वर्गीय हरिओम, निवासी हाइडिल कॉलोनी, मानपुर रोड,, गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए मानपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम एवं पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए एलडी भट्ट चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर चौकी कटोराताल में सुरक्षा की दृष्टि से खड़ा करा दिया है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।हादसे की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
