काशीपुर। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर समर स्टडी हॉल में रक्षाबंधन पर्व हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्व को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया और यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया। रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय की छात्रओं ने समाज की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कुंडेश्वरी पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को साकार किया। इसके पश्चात छात्राओं ने कोतवाली काशीपुर में भी पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने छात्रओं को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इसके साथ ही समर स्टडी हॉल के विद्यार्थियों ने काशीपुर के चीमा चौराहे पर आयोजित यातायात जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान टीएसआई रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों ने भी यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती मुक्ता सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व विद्यार्थियों को प्रेम और भाईचारे के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, सुरक्षा, अनुशासन एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से समर स्टडी हॉल के विद्यार्थियों ने ‘सुरक्षा का सम्मान और नियमों का पालन’ का प्रेरणादायी संदेश समाज तक पहुंचाया। विद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मनु अग्रवाल, निधि गुप्ता, अनीता तिवारी, सुमित बिष्ट, पूनम अरोड़ा, शुचि अग्रवाल, भूपेंद्र सिंह एवं पंकज नेगी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
