धामी सरकार ने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड किया पेश, सख्त कानूनों को बताया प्रमुख उपलब्धि

देहरादून। धामी सरकार ने अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष रखते हुए विभिन्न फैसलों और सख्त कानूनों को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया है। रिपोर्ट कार्ड में प्रशासनिक व्यवस्था को जवाबदेह बनाने, कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रदेश के मूल स्वरूप व संसाधनों की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख किया गया है। सरकार के मुताबिक, 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान नियम लागू किए गए हैं। वहीं, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसमें पेपर लीक और नकल माफिया के खिलाफ आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना, अवैध संपत्ति की जब्ती और दोषियों को परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया, जिसके तहत बल, प्रलोभन या धोखाधड़ी से होने वाले अवैध धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने का प्रावधान है। इसके अलावा, दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। रिपोर्ट कार्ड में सख्त भू-कानून को भी प्रमुख उपलब्धि बताया गया है। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के शेष 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी व्यक्तियों के कृषि और उद्यान भूमि खरीदने पर रोक लगाई गई है। वहीं, धार्मिक स्थलों की आड़ में किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा किया गया है। इसके साथ ही छद्मवेशधारियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि जैसी मुहिम भी चलाई जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment