नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में आयोजित होगी। बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सभी केंद्रीय मंत्रियों को बैठक की सूचना भेज दी गई है, ताकि वे निर्धारित समय पर उपस्थित रह सकें। सूत्रों के मुताबिक, सरकार पिछले परिसीमन से जुड़े विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक में कुछ संशोधन करने पर विचार कर सकती है। महिला आरक्षण विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों को संकेत दिया था कि सरकार जल्द ही संसद का विशेष सत्र बुला सकती है। उन्होंने सभी मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं टालने को कहा था। उल्लेखनीय है कि सरकार ने बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था, लेकिन यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 234 मत पड़े थे, जिसके चलते सरकार इसे पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाई। अब एक बार फिर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर सरकार की सक्रियता बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, आगामी मंत्रिमंडल बैठक में इन विधेयकों के संभावित संशोधनों और आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
