रुद्रपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी के निर्देशन में 26 नवंबर 2026 को सीएमओ कार्यालय, ऊधम सिंह नगर के सभागार में आशा कार्यकत्रियों के लिए आपदा प्रबंधन एवं अग्नि जोखिम प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रुद्रपुर क्षेत्र की आशा कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग के विशेषज्ञों ने आपदा प्रबंधन की तैयारी, अग्नि जोखिम से बचाव, आग बुझाने के उपाय, सामुदायिक जागरूकता तथा आपदा के समय आशा कार्यकत्रियों की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि आशा कार्यकत्रियां गांव और समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहली महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं, इसलिए बाढ़, आग, भूकंप अथवा अन्य किसी आपदा के दौरान उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। सही जानकारी, त्वरित सूचना और प्राथमिक उपचार के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत आग लगने के प्रमुख कारणों, आग बुझाने के तरीकों, गैस सिलेंडर एवं बिजली से लगने वाली आग से बचाव तथा सुरक्षित निकासी के उपायों की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने कहा कि आपदा के समय आशा कार्यकत्रियां समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच सेतु का कार्य करती हैं। ऐसे में आवश्यक है कि सभी आशा कार्यकत्रियां अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को आपदा से पहले की तैयारी, सुरक्षित व्यवहार और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में समुदाय के लोग सतर्क रहते हुए सुरक्षित कदम उठा सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीआरएफ की ओर से एसआई नरेंद्र राणा एवं खीम सिंह बिष्ट, अग्निशमन विभाग से नवल प्रभात तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह, गुरनाम सिंह, रविन्द्र पाल सिंह और मनोज आर्य सहित आशा कार्यकत्रियां मधुबाला, पूजा, ममता, रेनू, गायत्री आदि मौजूद रहीं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
